झामुमो ने दी दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि, जिलाध्यक्ष ने कहा झारखंड ने खोया कर्मठ नेता

झामुमो ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की. जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने उन्हें पार्टी का मजबूत स्तंभ बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया. कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की.

नगर प्रतिनिधि, पाकुड़. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर सोमवार को झामुमो जिला कार्यालय, धनुषपूजा में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में शोकसभा आयोजित की गई. इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए पुष्प

शोकसभा की शुरुआत जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की. इसके बाद पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू, महिला जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेंब्रम समेत अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी.

इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. साथ ही शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

पार्टी के मजबूत स्तंभ थे सुदिव्य कुमार सोनू : अजीजुल इस्लाम

जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झामुमो के मजबूत स्तंभ थे. उन्होंने मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया. उनके निधन से झामुमो के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को भी गहरा आघात पहुंचा है.

असामयिक निधन बेहद दुखद : श्याम यादव

पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है. उन्होंने दिवंगत नेता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया.

मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य उमर फारूक, मिथिलेष घोष, जिला सह सचिव जहूर आलम, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष समेत झामुमो के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सानू दत्ता

सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >