प्रतिनिधि, पाकुड़िया. झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर सोमवार को झामुमो पाकुड़िया प्रखंड कमेटी की ओर से शोकसभा आयोजित की गई. कार्यक्रम में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी शामिल हुए. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति : स्टीफन मरांडी
विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री ने उच्च शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपने कार्यों से अलग पहचान बनाई.
राज्य ने संघर्षशील नेता खोया : हरिवंश चौबे
झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य हरिवंश चौबे ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से राज्य ने एक संघर्षशील नेता खो दिया है. वहीं प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा ने कहा कि मंत्री के रूप में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य किए और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी.
मौके पर बुद्धिजीवी मोर्चा जिलाध्यक्ष देबीलाल हांसदा, प्रखंड सचिव मैनुद्दीन अंसारी समेत पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
