प्रतिनिधि, फरक्का फरक्का थाना क्षेत्र के न्यू फरक्का, एनटीपीसी मोड़ और फरक्का बैरेज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है. वहीं, बीती रात्रि करीब एक बजे से शुरू हुआ जाम सुबह तक जारी रहा, जिससे यात्रियों, मरीजों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार, महज दो किलोमीटर का रास्ता तय करने में लोगों को कई घंटे लग गए. इस दौरान बस, एंबुलेंस और अन्य वाहनों में सवार यात्री पूरी रात जाम में फंसे रहे. मरीजों और उनके परिजनों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनटीपीसी मोड़ के पास रात में ट्रैफिक नियंत्रण के नाम पर वाहनों को रोककर अव्यवस्था पैदा की जाती है. इसके बाद चालक जल्द निकलने की कोशिश में सड़क पर मनमाने तरीके से वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे धीरे-धीरे भीषण जाम की स्थिति बन जाती है. वहीं, लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जाम के दौरान पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आयी. स्थिति बिगड़ने के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण पूरी रात लोग परेशान होते रहे. वहीं, कुछ लोगों ने मांग की कि फरक्का का नया पुल बनकर तैयार है, लेकिन अब तक उसे शुरू नहीं किया गया है. यदि नए पुल को चालू कर दिया जाए तो इस क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है. हालांकि, इस मामले में प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
फरक्का में एनएच पर घंटों जाम, रातभर फंसे रहे यात्री
फरक्का थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर एनटीपीसी मोड़ और फरक्का बैरेज के पास जाम की समस्या बनी हुई है। बीती रात करीब एक बजे शुरू हुआ जाम सुबह तक जारी रहा, जिससे यात्रियों, मरीजों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोग ट्रैफिक नियंत्रण में अव्यवस्था और पुलिस की निष्क्रियता को जाम की वजह बता रहे हैं। वे नए पुल को जल्द चालू करने की मांग कर रहे हैं, ताकि जाम से राहत मिल सके। प्रशासन की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
