मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फरसा गांव में गुरुवार को बाढ़ के पानी में डूबने से पांच वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला सामने आया है. मुफस्सिल थाना पुलिस के अनुसार बच्ची फरसा निवासी सादीकुल मोमिन की पांच वर्षीय पुत्री है.
नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गयी बच्ची
बताया गया कि लगातार बारिश के कारण फरसा गांव के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है. गुरुवार को बच्ची सड़क पर जमा बाढ़ के पानी में नहा रही थी. इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गयी और डूब गयी. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश शुरू की. स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी खोजबीन की जा रही है.
पुलिस और गोताखोरों की मदद से तलाश
मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि बच्ची नहाने के दौरान बाढ़ के पानी में चली गयी और डूब गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा परिजनों, ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू करायी गयी है. समाचार लिखे जाने तक बच्ची का पता नहीं चल पाया था.
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है. पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों को अकेले न जाने दें और पानी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतें.
