प्रखंड परिसर स्थित गुतु गलांग सभागार में रविवार को विधायक हेमलाल मुर्मू ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक की. बैठक में बीएलओ-2, सुपरवाइजर तथा पार्टी पदाधिकारियों के साथ मतदान केंद्रवार मतदाता गणना प्रपत्र भरने की स्थिति की समीक्षा की गई. विधायक ने सभी पंचायत अध्यक्षों से मतदान केंद्रों में गणना प्रपत्र भरने की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र भरने से वंचित नहीं रहना चाहिए. प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित करें. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो मतदाता किसी कारणवश क्षेत्र से बाहर हैं, उन्हें भी संपर्क कर गणना प्रपत्र भरवाने में सहयोग किया जाए. विधायक ने कहा कि मतदाता सूची का शत-प्रतिशत अद्यतन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है. इसके लिए सभी संबंधित कर्मी और कार्यकर्ता समन्वय बनाकर कार्य करें. बैठक में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, प्रखंड अध्यक्ष प्रसाद हांसदा, उपाध्यक्ष रंजन साहा, सचिव जावेद अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, बीएलओ-2 एवं सुपरवाइजर उपस्थित थे.
एक भी मतदाता गणना प्रपत्र भरने से न छूटे : विधायक
लिट्टीपाड़ा में विधायक हेमलाल मुर्मू ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा की। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं का प्रपत्र भरना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा बैठक में मौजूद विधायक हेमलाल मुर्मू एवं अन्य | Prabhat Khabar Network