पाकुड़ : सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया की अध्यक्षता में बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में बीमारी से संबंधित आंकड़ों को ऑनलाइन पोर्टल पर समय पर दर्ज करने को लेकर प्रशिक्षण दिया गया. इसमें जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाई के डाटा प्रबंधक एवं प्रयोगशाला तकनीशियन शामिल हुए.
ऑनलाइन आंकड़ा दर्ज करने की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को एकीकृत स्वास्थ्य सूचना मंच (आईएचआईपी) पोर्टल पर एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के तहत विभिन्न बीमारियों से संबंधित आंकड़ों एवं प्रतिवेदनों को ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. साथ ही नियमित रूप से प्रतिवेदन अपलोड करने और आंकड़ों को समय पर अद्यतन रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
समय पर पहचान पर जोर
सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी जिले की रीढ़ होती है. प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य प्रणाली में त्वरित आंकड़ा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि किसी संभावित बीमारी या महामारी के प्रकोप की समय रहते पहचान कर आवश्यक कदम उठाये जा सकें.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि आईएचआईपी पोर्टल पर आवश्यक प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा के अंदर अनिवार्य रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें. इससे जिले की निगरानी और रिपोर्टिंग व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
ये रहे मौजूद
मौके पर जिला आरसीएच पदाधिकारी, जिला डाटा प्रबंधक-एनएचएम, महामारी विशेषज्ञ डॉ. संजय, जिला डाटा प्रबंधक प्रताप कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
