पाकुड़: प्रखंड के डांगापाड़ा आदिवासी टोला में सोमवार को हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार दुलड़ हांसदा की गाय को उनका बेटा चराने के लिए ले गया था. चराने के बाद घर लौटने के दौरान गाय अचानक नीचे झूल रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गयी. करंट लगने से गाय की मौके पर ही मौत हो गयी.
बाल-बाल बचा गाय के साथ चल रहा युवक
घटना के दौरान गाय के साथ चल रहा दुलड़ हांसदा का बेटा बाल-बाल बच गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर विद्युत तार नीचे झूल रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मामले की जांच कराने और नीचे झूल रहे तथा जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते तारों की मरम्मत करायी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
