पाकुड़.मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 को लेकर गुरुवार को परिसदन सभागार में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, रांची के. रवि कुमार ने की. बैठक में उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), उप निर्वाचन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) मौजूद रहे.
SIR-2026 के कार्यों की प्रगति की हुई समीक्षा
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
उन्होंने अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया.
पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने पर विशेष जोर
के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने पुनरीक्षण के दौरान सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान देने को कहा.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची तैयार करने के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए. इसके लिए सभी स्तरों पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है.
समन्वय के साथ समय सीमा में पूरा करें काम
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि SIR-2026 से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाये.
बैठक के दौरान मतदाता सूची को लगातार अद्यतन रखने और उसे त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और शुद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये.
