प्रतिनिधि, हिरणपुर: हिरणपुर थाना क्षेत्र के पेनम कोयला रोड के समीप पचोतला गांव में एक 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता मिला. मृतक की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर टोला निवासी लखीराम हांसदा (18) के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीराम अपनी बहन मुनि हांसदा के घर मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के छोटा मोहलन गांव आया हुआ था. इसी दौरान पचोतला गांव के समीप ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटकता देखा.
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक की बहन और परिजनों ने शव की पहचान की.
परिजनों ने बताया कि लखीराम मानसिक रूप से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था.
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही. हालांकि, परिजनों ने जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया.
पुलिस व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में तैयार हुआ पंचनामा
इस संबंध में थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया.
पंचनामा तैयार करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
