पाकुड़ :
रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद के आह्वान के तहत मंगलवार को पाकुड़ में भी कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं. फिलहाल भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है. बिरसा चौक पर सड़क जाम है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिरसा चौक पर सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित कर दिया है. इसके कारण मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी है. सैकड़ों वाहन जाम में फंसे हुए हैं. जाम से निकलने के लिए कई वाहन चालक आसपास की गलियों का सहारा ले रहे हैं, जिससे गलियों में भी वाहनों की संख्या बढ़ गयी है और वहां भी जाम जैसी स्थिति बनी हुई है.
मौके पर भाजपा कार्यकर्ता रांची में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी कर रहे हैं. कार्यकर्ताओं का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाना गलत है और इसके विरोध में बंद का आह्वान किया गया है. फिलहाल बिरसा चौक पर यातायात सामान्य नहीं हुआ है और जाम की स्थिति बनी हुई है. मुख्य मार्ग के साथ आसपास की गलियों में भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
