प्रतिनिधि, फरक्का. मुर्शिदाबाद जिले की बहरामपुर थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये की आभूषण चोरी मामले का खुलासा किया है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में थाना के आईसी उदय शंकर घोष ने बताया कि 3 अक्टूबर को थाना क्षेत्र के गोराबाजार निवासी गायत्री बोस (42) ने पंजाब नेशनल बैंक गोराबाजार से अपने पुरखों के स्वर्ण आभूषण एक टोटो से ले जाने के दौरान टोटो चालक द्वारा आभूषण लेकर फरार होने की शिकायत की थी. उक्त आभूषण का मूल्य एक करोड़ 10 लाख रुपये दर्शाया गया था. छानबीन के दौरान पुलिस ने घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टोटो चालक को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की, लेकिन उसने अपनी संलिप्तता से इंकार किया. फुटेज की गहराई से जांच करने पर पता चला कि महिला ने थैले को अपने साथ ले जाकर कहीं छुपा लिया था. इसके बाद महिला गायत्री बोस से कड़ाई से पूछताछ की गई तो सच सामने आया. दरअसल, आभूषण का उसकी मां, भाई और बहन के साथ बंटवारा न हो, इसलिए महिला ने चोरी की यह कहानी रची थी. मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई करने की बात कही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
