प्रतिनिधि,अमड़ापाड़ा. पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने अमड़ापाड़ा में आम जनजीवन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. लगातार बारिश के कारण मुख्य बाजार क्षेत्र की कई सड़कें बदहाल हो गयी हैं. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है.
सबसे खराब स्थिति अमड़ापाड़ा दुर्गा मंदिर से प्रखंड कार्यालय तक जाने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क की है. सड़क पर छोटे-बड़े अनगिनत गड्ढे बन गये हैं. बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. कई जगह जलजमाव इतना अधिक है कि सड़क और तालाब में अंतर करना तक मुश्किल हो रहा है.
सड़क से ऊंची हो गयी नालियां, नहीं निकल रहा पानी
मुख्य सड़क पर जलजमाव की एक बड़ी वजह सड़क किनारे बनी नालियों की बदहाल स्थिति भी है. कई स्थानों पर नालियां सड़क की सतह से ऊंची हो गयी हैं. ऐसे में सड़क पर जमा बारिश का पानी नाली में नहीं जा पाता और सड़क पर ही ठहर जाता है.
जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश रुकने के बाद भी कई स्थानों पर पानी लंबे समय तक जमा रहता है. इससे सड़क लगातार खराब हो रही है और गड्ढों का आकार भी बढ़ता जा रहा है.
पानी में डूबे गड्ढे, वाहन चालकों के लिए बना खतरा
जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते. इससे बाइक, टोटो और अन्य छोटे वाहनों के चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है. अचानक वाहन गड्ढे में चले जाने से चालक का संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार बाइक सवार और टोटो चालक गड्ढों में फंसकर दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचे हैं. रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि जलजमाव वाले स्थानों पर गड्ढों का अंदाजा लगाना और भी मुश्किल हो जाता है.
संताली मुहल्ला और पोखरिया रोड की स्थिति भी खराब
अमड़ापाड़ा संताली मुहल्ले की सड़कों पर भी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है. कई जगह पानी जमा होने से लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है. वहीं पोखरिया रोड की स्थिति भी खराब है. सड़क पर बने गड्ढों और जलजमाव के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
समस्या से लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
सड़क की बदहाली से सबसे अधिक परेशानी रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले ग्रामीणों, विद्यार्थियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को हो रही है. बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक गड्ढों की मरम्मत और जलनिकासी को लेकर ठोस पहल नहीं की गयी है. लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मुख्य सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, बड़े गड्ढों को भरने तथा सड़क किनारे की नालियों को दुरुस्त कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है.
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
