झामुमो नेता पर वसूली का आरोप गंभीर मामला, वायरल ऑडियो पर हो कार्रवाई: भाजपा

झामुमो नेता पर वसूली का आरोप गंभीर मामला, वायरल ऑडियो पर हो कार्रवाई: भाजपा

भाजपा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखी बात नगर प्रतिनिधि, पाकुड़: भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने झामुमो और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने दावा किया कि हाल ही में झामुमो नेताओं द्वारा रांची में हुए केंद्रीय अधिवेशन में भागीदारी के लिए पाकुड़ जिले में अवैध उगाही की गई. उन्होंने कहा कि वायरल हुए एक ऑडियो में झामुमो नेता कथित रूप से सरकारी पदाधिकारियों को धमकाकर पैसे मांगते सुने जा सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ऑडियो में यह भी कहा गया है कि मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा बचाने के लिए वसूली करनी होगी. कहा कि ऑडियो वायरल होने के 100 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी प्रशासन और झामुमो नेतृत्व द्वारा कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन की जानकारी में यह सब कुछ हो रहा है, फिर भी जिम्मेदार पदाधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं. जिलाध्यक्ष ने लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने संवेदकों की बैठक कर टेंडर मैनेज करने का दबाव बनाया और सरकारी प्रावधानों के खिलाफ जाकर निर्धारित दर से कम में कार्य न करने की हिदायत दी. उन्होंने इसे हेमंत सोरेन सरकार 2.0 में भ्रष्टाचार की चरम स्थिति बताया. कहा कि भाजपा एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाते हुए इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और झारखंड मुक्ति मोर्चा तथा राज्य सरकार की कथित कार्यप्रणाली का पर्दाफाश करेगी. प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है. उन्होंने कहा कि पत्थर और कोयले के अवैध कारोबार में सरकार की संलिप्तता के संकेत मिलते हैं. मरांडी ने कहा कि भाजपा इन सभी अनैतिक गतिविधियों का सशक्त विरोध करेगी. इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल तथा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह भी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >