पाकुड़िया : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के पाकुड़ जिला संयोजक सन्नी तिवारी एवं साहिबगंज विभाग प्रमुख बादल तिवारी ने बुधवार को पाकुड़िया नगर इकाई का प्रवास किया. इस दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने आरके प्लस टू हाई स्कूल, पाकुड़िया एवं पीएम श्री गर्ल्स स्कूल, पाकुड़िया का भ्रमण कर विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्या एवं शिक्षकों से शिष्टाचार भेंट की.
सदस्यता अभियान पर चर्चा
विद्यालय परिवार के साथ हुई बातचीत के दौरान आगामी अभाविप सदस्यता अभियान को लेकर विस्तार से जानकारी दी गयी. जिला संयोजक सन्नी तिवारी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्र हित, समाज हित और राष्ट्र हित में लगातार कार्य कर रहा है. संगठन का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति दायित्व की भावना विकसित करना है.
गुरुवार से शुरू होगा अभियान
उन्होंने बताया कि पाकुड़िया नगर इकाई में गुरुवार से सदस्यता अभियान शुरू किया जायेगा. अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संगठन के कार्यों और विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा.
अधिक से अधिक जुड़ने का आह्वान
साहिबगंज विभाग प्रमुख बादल तिवारी ने भी सदस्यता अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों से अभाविप से जुड़ने का आह्वान किया. विद्यालय भ्रमण के दौरान शिक्षकों को संगठन की गतिविधियों एवं सदस्यता अभियान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अभियान में सहयोग का आग्रह किया गया.
