संत जोसफ स्कूल, पाकुड़ में पांच अज्ञात बदमाशों ने किया हमला
पाकुड़ : संत जोसफ स्कूल प्यादापुर, पाकुड़ के कैंपस में घुस कर मंगलवार की रात करीब 9.30 बजे अज्ञात बदमाशों ने अचानक प्राचार्य व उसकी भतीजी को डंडा व हथौड़ा से मार कर घायल कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, स्कूल कैंपस में घुस कर पांच युवकों ने स्कूल के प्राचार्य प्रमोद कैथा की पिटाई करने लगा. हल्ला सुन कर बचाने आयी उसकी 17 वर्षीय भतीजी सुनीता कैथा को भी सिर पर किसी भारी समान से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया. इस घटना को लेकर प्राचार्य व विद्यालय प्रबंधन हतप्रभ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बस चालक की पत्नी को दिखाया पिस्तौल का भय: शोर-गुल सुनकर प्राचार्य कक्ष के नजदीक पहुंचे विद्यालय के बस चालक जॉर्ज मरांडी की पत्नी कारमेला को भी बदमाशों ने पिस्तौल सटा कर चुप रहने की धमकी दी. घटना को अंजाम देने के बाद पांचों बदमाश विद्यालय परिसर से भागने में सफल रहा. भागने के क्रम में एक बदमाश का चप्पल विद्यालय में ही छुट गया.
इधर घटना की सूचना मिलते ही रात्रि में ही थाना प्रभारी लव कुमार सदल-बल विद्यालय परिसर पहुंच कर मामले की जानकारी ली. घायल प्राचार्य व उसकी भतीजी का इलाज सदर अस्पताल सोनाजोड़ी में कराया. बुधवार की सुबह भी मामले की जानकारी लेने पुलिस इंस्पेक्टर एसएस तिवारी, थाना प्रभारी लव कुमार विद्यालय पहुंच कर प्राचार्य प्रमोद कैथा, सुनीता कैथा व कारमेला से पूछताछ की. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की अनुसंधान चल रही है. इस मामले में जो भी दोषी है, उसे गिरफ्तार किया जायेगा.
प्राचार्य ने दर्ज करायी प्राथमिकी
इस घटना को प्राचार्य ने थाना में आवेदन देकर कहा गया है कि मारपीट के बाद बदमाशों ने उनके कार्यालय में रखे गये सिम व मोबाइल को भी ले गया है. पुलिस ने विद्यालय परिसर से बदमाशों के छुटे चप्पल बरामद किया है. मामले को लेकर थाना में कांड संख्या 506/15 भादवि की धारा 440, 341, 323, 307, 379, 504, 506/34 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है.
घटना को लेकर हतप्रभ हूं : प्राचार्य
पांच लड़के कैंपस में घुस कर अचानक फादर-फादर चिल्लाने लगा. जब बाहर आया तो अचानक हमला करते हुए मुझे डंडा से मारने लगा. बचाने आयी मेरी भतीजी के सिर पर भी वार किया. विद्यालय के बस चालक की पत्नी को पिस्तौल दिखाकर धमकी दी. इस घटना से हतप्रभ हूं. मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है.
– प्रमोद कैथा, प्राचार्य, संत जोसफ स्कूल, प्यादापुर, पाकुड़
