पाकुड़ : पाकुड़ जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. प्रशासन ने जिले के 1.64 लाख परिवार को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ देने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है.
साथ ही अब तक 1.61 लाख परिवार को चिह्नित कर ऑनलाइन डाटा तैयार कर लिया गया है. महज तीन हजार परिवार ही शेष बचे हैं. यह काम पूरा होते ही प्रशासन तेजी से लोगों को इसका लाभ देना शुरू करने वाली है.
इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा लाभ सामाजिक अर्थिक सर्वेक्षण के आधार प्राप्त डाटा के अनुसार किया जा रहा है. वहीं गलत जानकारी देकर इसका लाभ लेने वालों के लिए बुरी खबर है. क्योंकि ऐसे लोगों से अब प्रशासन कड़ाई से निबटने वाली है. प्रशासन ने साफ कह दिया है जो लोग इस योजना के मापदंड में नहीं आते हैं वे सीधे तौर पर अपना अपना कार्ड वापस कर दें. वरना जांच के दौरान पकड़े गये तो कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
वर्तमान में 1.61 लाख परिवार लाभान्वित
वर्तमान में जिले में बीपीएल, अतिरिक्त बीपीएल, अन्तयोदय, अन्नपूर्णा एवं मुख्यमंत्री खाद्य सुरक्षा योजना के लाभुकों को मिलाकर लगभग 1.61 लाख परिवारों को विभिन्न खाद्यान्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है. 2011 में समाजिक अर्थिक जनगणना के अनुसार 1.64 लाख परिवारों को इसका लाभ मिलेगा.
15 हजार और बनेंगे नये कार्ड
जिला प्रशासन ने हंगामा को देखते हुए जिले में कई ऐसे गरीबों का कार्ड नहीं बनने को लेकर चिह्नित किया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार वैसे गरीब परिवारों को लगभग 15 हजार नये कार्ड बनाये जायेंगे.
ये लोग बनेंगे लाभुक
खाद्यान्न सुरक्षा के लाभुकों में दरजी, मैकेनिक, फैरी वाला, अत्यंत गरीब, 60 वर्ष के वृद्ध, विधवा व नि:शक्त, कैंसर पीड़ित, कूड़ा बिनने वाले, भिखारी सहित असाध्य रोग से ग्रसित मरीज, कच्चा मकान में रहने वाले लोगों को इसका लाभ मिलेगा.
ये रह जायेंगे वंचित
खाद्य सुरक्षा का लाभ सरकारी सेवक, पेंशन भोगी, पक्के मकान का मालिक, आयकर दाता, बाइक एवं चार पाहिया वाहन के मालिक को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
गलत जानकारी दे कर लाभ लेने वाले पर होगी कारवाई
जिले में लगातार शिकायत मिल रही है की सरकारी नौकरी वाले, आलिशान भवन में रहने वाले को खाद्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है. इसे लेकर अनुमंडल पदाधिकारी विद्यानंद शर्मा पंकज ने निर्देश जारी कर कहा है की वैसे लाभुक जो सरकारी कर्मी हैं या आलिशान भवन में रहने वाले हैं वे संबंधित डीलर या बीएलओ को कार्ड वापस कर दें ताकि सही लोगों को इसका लाभ मिल सके. जांच में पकड़े जाने पर वैसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
कहते हैं जिला आपूर्ति पदाधिकारी
जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि अब तक 1.61 लाख राशन कार्ड का वितरण कर दिया गया है. शेष बचे राशन कार्ड का वितरण अविलंब कर दिया जायेगा.
इन परिवारों को मिलेगा लाभ
सदर प्रखंड 50, 307
पाकुड़ नगर परिषद 6840
हिरणपुर 14820
लिट्टीपाड़ा 18200
अमड़ापाड़ा 12192
महेशपुर41456
पाकुड़िया20815
