विभाग की मुकम्मल व्यवस्था का नहीं दिख रहा असर, ग्रामीण सकते में
पाकुड़ : संग्रामपुर गांव समेत उसके आसपास का पूरा इलाका डेंगू मच्छर की चपेट में है. विभाग द्वारा अब तक जितनी भी व्यवस्था दी गयी है वो कितना मुकम्मल है इसका उदाहरण बुधवार को देखने को मिला.
गांव से फिर छह नये डेंगू के मरीज सदर अस्पताल में भर्ती हुए. जबकि वहीं इलाजरत एक मरीज मोजिबूर रहमान (40 वर्ष) के प्लेटलेट्स में कही आने पर बुधवार को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. जानकारी के मुताबिक संग्रामपुर गांव निवासी सेको शेख (20 वर्ष), रोजिना खातून (15), यूसुफ शेख (40), जनातन बीबी (40), मार्जिना खातून (15) व हसीना बेवा (50 वर्ष) को डेंगू कीट से जांच के पश्चात डेंगू पीड़ित पाया गया. जिसके बाद उपरोक्त सभी मरीजों को डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया. इधर कई दिनों से डेंगू वार्ड में इलाजरत आठ मरीज के इलाज के दौरान ठीक हो जाने के पश्चात मुक्त किया है. वहीं बुधवार को डेंगू वार्ड में कुल 13 मरीज इलाजरत हैं.
