भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री थे जोहरूल शेख
पाकुड़ : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने भाजपा नेता जोहरूल शेख की निर्मम हत्या गोली मार कर व चाकू से गोद-गोद कर कर दी.
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव स्थित स्कूल के चौराहे पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री जोहरूल शेख अपने कुछ साथियों के साथ चाय पी रहे थे. उसी समय अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उसे गोली मार दी.
बम फेंक, फैलाया दहशत
इस बीच वहां जमे लोगों के बीच दहशत पैदा करने के लिए अपराधियों ने दो बम भी फेंके. इससे वहां जमे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. इसी बीच गोली से घायल हुए भाजपा नेता अपनी जान बचाने को लेकर वहां से भागने लगे परंतु अपराधियों ने उसे खदेड़ कर पुन: पकड़ा और चाकू से गोद-गोद कर उसकी हत्या कर दी. बताया जाता है कि आपसी रंजिश में अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है. मृतक के शरीर पर चाकू गोदे जाने का दर्जनों निशान हैं.
इधर घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रवीण कुमार झा सदल-बल घटना स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में घटना स्थल से जर्दा का डिब्बा में बंद तीन जिंदा बम भी बरामद किया है. जबकि घटना स्थल पर चलाये गये बम के अवशेष भी पुलिस के हाथ लगे हैं. पुलिस मामले को लेकर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है.
क्या कहते हैं एसपी
पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश में की गयी हत्या का मामला प्रतीत होता है. फिर भी पुलिस हर एक बिंदुओं पर छानबीन कर रही है. हत्यारे को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा.
