राजमहल : अनुमंडल पदाधिकारी आवास के ठीक सामने लालू मार्केट स्थित स्वेम मोबाइल सेंटर में रविवार रात अज्ञात चोरों ने सेंध मारकर लाखों रुपये की मोबाइल व अन्य समान चोरी कर ली है.
घटना की जानकारी मिलते ही थाना के एसआइ आइडी प्रसाद व एएसआइ शंकर दूबे घटना स्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली. मामले को लेकर दुकानदार नितेश साह के बयान पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुटी है.
क्या है मामला
पुलिस को दिये बयान में दुकानदार श्री साह ने बताया है कि रविवार रात्रि को प्रति दिन के तरह दुकान बंद कर घर गये थे. सोमवार सुबह जब दुकान खोला तो पाया कि दुकान के पीछे से सेंध काटा हुआ है तथा दुकान में रखा नया व रिपेयरिंग के लिए रखा मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर, चाजर्र सहित कई अन्य सामग्री दुकान से गायब थे. जिसकी कीमत लगभग चार लाख रुपये बतायी गयी है.
इससे पूर्व भी लालू मार्के ट स्थित ज्वेलरी की दुकान में अज्ञात चोरों द्वारा सेंध मारकर लाखें के जेवरात की चोरी कर ली गयी था.
बीते छठ पूजा के समय चोरों ने स्वेम मोबाइल सेंटर नामक मोबाइल दुकान में भी सेंध मारी कर चोरी करने का प्रयास किया गया था. लेकिन पुलिस अब तक इन घटनाओं का उद्भेदन नहीं कर सकी है. एक बार फिर चोरों ने पुलिस को चुनौती दे दी है.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी राजीव रंजन ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है. जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. इसके लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
