क्राइम : लिट्टीपाड़ा के बलरामपुर गांव की घटना, स्थानीय लोग सदमे में
लिट्टीपाड़ा : प्रखंड के बलरामपुर गांव में 28 वर्षीय एक युवक की हत्या घर में जबरन घुस कर एक महिला से दुष्कर्म किये जाने का आरोप लगाकर कर दी गयी. उक्त घटना को लेकर मृतक 28 वर्षीय संजय मंडल के पिता निपेन मंडल की लिखित शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला थाने में दर्ज किया गया है.
पुलिस ने थाना कांड संख्या 14/15 भादवि की धारा 302 के तहत पवन मंडल, हराधन मंडल, करण मंडल, लखींद्र मंडल, हरिपद मंडल, मेघनाथ मंडल, हाबू मंडल को नामजद अभियुक्त बनाया है. घटना के बाद सभी आरोपित फरार है. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार की देर रात्रि को 28 वर्षीय संजय मंडल गांव के ही मेघनाथ मंडल के घर में घुसा था जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गयी. घटना को लेकर मेघनाथ मंडल ने बताया कि बीते शनिवार की रात्रि को संजय मंडल हमारे घर में घुसा और पत्नी के साथ छेड़छाड़ करने लगा. जब उसे पकड़ा गया तो वह हाथ छुड़ा कर भागने लगा और इसी दौरान पीछे से ईंटा से प्रहार किया गया जिसके कारण वह गिर कर बेहोश हो गया.
रात में ही उक्त मामले की सूचना गांव के लोगों को दी गयी और पंचायत भी बुलायी गयी. वहीं रात में ही संजय मंडल की मौत हो गयी. मृतक के पिता निपेन मंडल ने बताया कि उसका बेटा ट्रैक्टर चलाने के लिए उठा था लेकिन पुराने विवाद को लेकर मेघनाथ मंडल, हराधन मंडल, करण मंडल आदि द्वारा उसकी हत्या कर दी गयी. घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है. मामले की सूचना मिलते ही सुबह थाना प्रभारी रंजीत सिंह सदलबल पहुंचे. पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. थाना प्रभारी श्री सिंह ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है.
