पाकुड़ : दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के जमनी जंगल के निकट हुए नक्सली हमले में पुलिस कप्तान अमरजीत बलिहार एवं जवानों के शहीद होने पर बुधवार को पूरा जिला गमगीन रहा.
व्यवसायियों एवं शहरवासियों सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में भी शहीद एसपी व जवानों को श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की. जिला मुख्यालय के गांधी चौक में चैंबर ऑफ कॉमर्स, खुदरा व्यवसायी संघ द्वारा आयोजित शोक सभा में व्यवसायियों के अलावे सैकड़ों शहरवासियों ने हिस्सा लिया.
समाहरणालय में डीसी फिदेलिस टोप्पो, डीडीसी संजीव शरण सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी, कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर एसपी एवं जिले के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी. शोकसभा के बाद एक दिन का सरकारी अवकाश घोषित किया गया. जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालय में भी शोक सभा का आयोजन किया गया.
नगर पंचायत कार्यालय में उपाध्यक्ष सोमनाथ घोष, वार्ड पार्षद सलिम मंसूरी सहित नगर पंचायत कर्मी कृष्णचंद्र वर्मन, जय कुमार आदि दर्जनों कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की. शोकसभा के बाद नगर पंचायत कार्यालय में एक दिवसीय अवकाश की घोषणा की गयी. पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन, जिले के सभी थानों एवं प्रखंड व अंचल कार्यालयों में शोक सभा का आयोजन किया गया.
