महेशपुर : थाना क्षेत्र के महेशपुर-गुमामोड़ मुख्य सड़क पर डुमरघट्टी-बबयकोड़ा गांव के बीच पथरभांगा के समीप मंगलवार दोपहर करीब सवा तीन बजे जिला खनन पदाधिकारी पाकुड़ का सरकारी वाहन पेड़ से टकरा कर दुर्घटना ग्रस्त हो गया. लोगों से मिली जानकारी के अनुसार जीप चालक दिलीप मंडल जख्मी है.
घटना के बावत तत्काल इसकी सूचना पहले सहायक खनन पदाधिकारी पाकुड़ सुरेश शर्मा को मोबाइल पर दी गयी. उसके बाद जिला खनन पदाधिकारी पाकुड़ उत्तम कुमार विश्वास को मोबाइल पर सूचना देने पर उन्होंने बताया कि वे फतेहपुर में मापी कार्य में हैं. जीप चालक को आमड़ापाड़ा प्रखंड में एक पत्र देने के लिए भेजा गया था. घटना की सूचना पाते ही जिला खनन पदाधिकारी पाकुड़ उत्तम कुमार विश्वास घटना स्थल पहुंचे तथा जख्मी चालक दिलीप मंडल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र महेशपुर ले आये.
चालक का दाहिना पैर टूट गया है. सिर पर भी गहरी चोट लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद डॉ0 रवीन्द्र नाथ ने बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया है. घटना की खबर मिलते ही थाना प्रभारी महेशपुर सुरेन्द्र कुमार सिंह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र महेशपुर पहुंच गये थे.
