नकली रासायनिक खाद बनाने वाले फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़
फरक्का : मुर्शीदाबाद जिला के बहरमपुर थाना पुलिस ने छापेमारी करते हुए थाना क्षेत्र के पंचानंदतला में नकली खाद बनाने वाले एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंचानंदतला में कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से नकली रासायनिक खाद तैयार कर बाजार में बेचने का काम किया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने पंचानंदतला में एक घर में छापेमारी की, जहां काफी मात्रा में केमिकल व खाद बनाने वाला सामान पाया गया. छापेमारी की भनक लगते ही उक्त स्थल से सभी लोग भागने में सफल रहे. वहीं मौके से ही एक वाहन में खाद लेकर जा रहे चालक मिठुन दास को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.
पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है. मामले को लेकर एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि पंचानंदतला में नकली रासायनिक खाद तैयार कर बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वहां से सामानों को जब्त कर लिया है. एसपी श्री कुमार ने बताया कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जायेगा.
