लिट्टीपाड़ा : मनरेगा में राशि गबन का मामला
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) : मनरेगा में फर्जी तरीके से की गयी राशि निकासी मामले को लेकर तत्कालीन बीडीओ सहित कुल 10 लोगों पर लिट्टीपाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्रखंड विकास पदाधिकारी लिट्टीपाड़ा सत्यवीर रजक ने थाना में आवेदन देकर प्रखंड के बांडू पंचायत में शहरपुर से चेकडैम नाला तक ग्रेड वन सड़क निर्माण के नाम पर एक लाख 89 हजार 112 रुपये की राशि का गबन किये जाने को आधार बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी में तत्कालीन बीडीओ राजीव कुमार मिश्रा, तत्कालीन प्रखंड नाजीर सेतचरण बेसरा, तत्कालीन रोजगार सेवक मैमुर अली,
कनीय अभियंता सूरज कुमार व प्रदीप कुमार टुडू, तत्कालीन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी लिट्टीपाड़ा सुरेंद्र नारायण साहा, भेंडर रक्षाकर साहा, मेठ सनातन बास्की, तत्कालीन उपडाकपाल साइमन हांसदा, कथित बिचौलिया अरविंद मंडल व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. गौरतलब हो कि इसी मामले को लेकर सीएम रघुवर दास ने मुख्यमंत्री सीधी बात कार्यक्रम के माध्यम से पाकुड़ डीसी को अविलंब एफआइआर करने का निर्देश दिया था. इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर मामला दर्ज कराया गया है.
तत्कालीन बीडीओ सहित…
मजदूरों को गलत तरीके से दर्शाया गया : प्रखंड के बांडू पंचायत में योजना संख्या 31/आरसी/2014 के तहत प्राक्कलित राशि 8 लाख 87 हजार 700 रुपये की लागत से ग्रेड वन सड़क निर्माण कार्य कराया गया था. इसका अभिकर्ता तत्कालीन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुरेंद्र नारायण साह थे. योजना पूरा नहीं करते हुए राशि गबन किये जाने मामले की शिकायत के बाद डीसी के निर्देश पर जांच को लेकर एक टीम गठित की गयी थी. जांच टीम में कार्यपालक दंडाधिकारी पाकुड़ प्रमोद कुमार झा, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल पाकुड़ के कार्यपालक अभियंता सुरेंद्र प्रसाद सिंह सहित अन्य को शामिल किया गया था. सौंपे गये जांच प्रतिवेदन में यह दर्शाया गया था कि षड्यंत्र रच कर योजना तैयार करते हुए राशि का गबन किया गया है. तैयार किये गये मापी पुस्तिका में बताया गया कि कई मनरेगा मजदूरों को गलत तरीके से दर्शाते हुए एक लाख 89 हजार 112 रुपये का कुल गबन किया गया है. इधर उपायुक्त के निर्देश के बाद बीडीओ ने थाना में कांड संख्या 6/18 भादवि की धारा 406, 409, 420, 467, 468, 471, 477(ए), 120 (बी) तथा भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम 1988 की धारा 13 (1), (डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. बहरहाल पाकुड़ जिले में मनरेगा में गबन मामले को लेकर एक और योजना के विरुद्ध पदाधिकारियों सहित अन्य पर एफआईआर दर्ज होने से योजनाओं में गड़बड़ी करने वाले पदाधिकारियों व बिचौलियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
वर्तमान बीडीओ ने दर्ज करायी प्राथमिकी
सड़क निर्माण के नाम पर किया गबन
