प्रतिनिधि, फरक्का
मुर्शिदाबाद जिला के सूती थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आठ लाख जाली नोट के साथ एक बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक सूती थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मुर्शिदाबाद जिला के बरहमपुर रानीनगर में एक बांग्लादेशी छुपकर रह रहा है. पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि वह इस क्षेत्र में रहकर बड़े पैमाने पर जाली नोट का कारोबार कर रहा है.
इसी सूचना पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अहिरण मोड़ के पास छापेमारी कर एक अपराधी को धर दबोचा. दबोचे गये अपराधी के पास से पुलिस ने कुल 8 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किये हैं. बरामद सभी नोट दो-दो हजार के है.
अपराधी की पहचान बांग्लादेश के चपाई नवाबगंज जिला के साहेबगंज थाना अंतर्गत चर हासानपुर गांव निवासी राकीबुल शेख 26 वर्ष के रूप में की गयी है.
मामले को लेकर एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि जाली नोट के कारोबारियों पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. धराये अपराधी की पहचान बंग्लादेशी के रूप में की गयी है. मामले को लेकर पूरी तरह से छानबीन की जा रही है.
