अमड़ापाड़ा : प्रखंड के रसीटोला में बीते बुधवार को 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्ची लाली खातून गंभीर रूप से झुलस गई. हादसे में बच्ची का शरीर करीब 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गया है. घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. फिलहाल बच्ची पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट स्थित अस्पताल में इलाजरत है.
कुछ दिन पहले ही उत्तर प्रदेश से आई थी बच्ची
जानकारी के अनुसार लाली खातून का ननिहाल महेशपुर थाना क्षेत्र के हरिशपुर में है. वह कुछ दिन पूर्व अपने परिजनों के साथ उत्तर प्रदेश से आई थी. दो-तीन दिन पहले वह अमड़ापाड़ा के रसीटोला निवासी अपने रिश्ते के नाना और सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद निजामुद्दीन मियां के घर मेहमान के रूप में आई थी.
छत पर गई तो हाईटेंशन तार की चपेट में आई
बीते बुधवार को लाली घर की छत पर गई थी. इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गई. तार की चपेट में आते ही बच्ची बुरी तरह झुलस गई. घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई.
फतेहपुर सीएचसी से दुमका किया गया रेफर
आनन-फानन में परिजन लाली को फतेहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट स्थित अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है.
80 से 90 प्रतिशत तक झुलसा शरीर
चिकित्सकों के अनुसार बच्ची का शरीर 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
