नोवामुंडी : बारिश ने खोली लापरवाही की पोल, ओवरब्रिज बना तालाब, अंधेरे और पानी भरने से लोग परेशान

Noamundi News: नोवामुंडी में बारिश के बाद ओवरब्रिज और सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे जगह-जगह तालाब जैसी स्थिति बन गई है. जाम नालियां और बंद लाइटों से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट 

Noamundi News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में देर रात हुई बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है. लोगो को गर्मी से राहत मिल गई है. वहीं, दूसरी ओर शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी. हल्की बारिश के बाद ही जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बन गई, लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी ओवरब्रिज पर देखने को मिली, जहां पानी जमा होने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. 

ओवरब्रिज पर जाम नालियां 

ओवरब्रिज पर पानी निकालने के लिए बनाए गए सभी होल पूरी तरह जाम पड़े हैं. यही कारण है कि मामूली बारिश में भी पुल के ऊपर पानी भर जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो लगातार पानी का भर जाने से ओवरब्रिज की बनावट को भी नुकसान पहुंच सकता है. 

बंद स्ट्रीट लाइटों से रात में बढ़ा हादसे का खतरा 

स्थिति को और गंभीर बनाती है ब्रिज पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटें. पिछले कई महीनों से 17 से अधिक लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय पुल का एक हिस्सा पूरी तरह अंधेरे में डूबा रहता है. इससे हादसे की आशंका बनी रहती है, इसके बावजूद अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. हैरानी की बात यह है कि हर दिन टाटा स्टील के वेंडर द्वारा सफाई कार्य किया जाता है, लेकिन पानी निकालने की मुख्य समस्या अभी भी वैसी ही बनी हुई है. 

पीसीसी रोड पर पानी भरने से लोगों को परेशानी  

उधर, काली पूजा पंडाल के पास स्थित पीसीसी रोड की हालत भी कुछ अलग नहीं है. वहां भी हल्की बारिश में पानी जमा होकर सड़क कोतालाब में बदल देता है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग की है, जिससे आने वाले समय में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके. 

यह भी पढ़ें: चतरा में दर्दनाक हादसा: नवादा गांव में कुएं में गिरने से महिला की मौत, पटवन के दौरान फिसला था पैर

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में गैंगवार की आहट: धातकीडीह के गामा होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, भाग रहे दो हमलावर गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >