जंगल से लकड़ी लेकर लौट रही थी नाबालिग, रास्ते में दो युवकों ने रोका; दुष्कर्म का आरोप

लोहरदगा के कुड़ू थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दो युवकों द्वारा जंगल में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हैं.

कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट

लोहरदगा: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ दो युवकों द्वारा दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है. नाबालिग की मां के बयान पर कुड़ू थाना में दोनों युवकों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. घटना के बाद दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. नाबालिग का मेडिकल चेकअप कराया गया है. इसके बाद उसका बयान लिया जा रहा है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

जंगल से लकड़ी लेकर लौट रही थी नाबालिग

नाबालिग की मां ने पुलिस को दिये बयान में बताया कि उनकी बेटी घर से करीब चार किलोमीटर दूर जंगल से लकड़ी लेने गयी थी. लकड़ी लेकर घर लौटने के दौरान रास्ते में उसे दो युवक खड़े मिले. आरोप है कि नाबालिग जैसे ही दोनों युवकों के पास पहुंची, उनमें से एक ने उसका हाथ पकड़ लिया और उसे जंगल के अंदर करीब आधा किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले गया.

इसी दौरान उसका दूसरा साथी भी वहां पहुंच गया. आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने बारी-बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया.

किसी को बताने पर परिवार को मारने की धमकी

घटना के बाद दोनों युवकों ने नाबालिग को धमकी दी कि वह इस संबंध में किसी को जानकारी नहीं दे और न ही थाने में शिकायत करे. आरोप है कि दोनों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया या थाना गयी, तो उसके पूरे परिवार को मरवा देंगे.

घटना के बाद नाबालिग की हालत खराब हो गयी. वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग दहशत और तनाव में आ गये.

पिता की मौत के बाद मां के साथ रहती है नाबालिग

बताया जाता है कि नाबालिग के पिता का निधन हो चुका है. वह अपनी मां के साथ रहती है. घटना के बाद पूरा परिवार सदमे और तनाव में आ गया. इसके बावजूद परिजनों ने हिम्मत जुटायी और नाबालिग को लेकर कुड़ू थाना पहुंचे.

नाबालिग की मां ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

घटनास्थल का जायजा, मेडिकल चेकअप कराया गया

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है. नाबालिग का मेडिकल चेकअप कराया गया है और इसके बाद उसका बयान लिया जा रहा है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

वहीं, दोनों आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस आरोपियों के परिजनों और परिचितों से भी उनके बारे में जानकारी जुटा रही है.

थाना प्रभारी बोले- जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी

कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि नाबालिग का मेडिकल चेकअप कराया गया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. दोनों फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

फिलहाल पुलिस नाबालिग के बयान, मेडिकल जांच और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >