बरही भोक्ता नाला में उच्च स्तरीय पुल निर्माण का प्रयास करेंगे : सांसद

जिले में हालिया भारी बारिश के बाद लोहरदगा-रांची पथ स्थित बरही भोक्ता नाला में आई बाढ़ ने आवागमन को पूरी तरह बाधित कर दिया.

फोटो. सांसद सुखदेव भगत

लोहरदगा. जिले में हालिया भारी बारिश के बाद लोहरदगा-रांची पथ स्थित बरही भोक्ता नाला में आई बाढ़ ने आवागमन को पूरी तरह बाधित कर दिया. पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने यातायात बंद कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति तेज धार में फंस गया, जिसे बहादुरी से स्थानीय ग्रामीणों ने बचा लिया. इस घटना की जानकारी मिलने पर सांसद सुखदेव भगत ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अपने निजी सचिव और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार साहू को निर्देश दिया कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालक अभियंता से संपर्क करें. बातचीत के दौरान श्री साहू ने बताया कि एनएच-143ए लोहरदगा से शुरू होकर तमाड़ तक जाता है और बरही भोक्ता नाला पर बना पुल बेहद नीचा है, जिससे हर मानसून में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है. अभियंता ने जानकारी दी कि वर्ष 2024-25 की वार्षिक योजना में एनएच-143ए को टू लेन सड़क में विकसित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है. इस प्रस्ताव में लोहरदगा व भंडरा बाईपास के साथ-साथ बरही भोक्ता नाला पर नये पुल का निर्माण भी शामिल है. हालांकि, यह प्रस्ताव अब तक स्वीकृत नहीं हुआ है. सांसद भगत ने आश्वासन दिया है कि वे आगामी मानसून सत्र में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर इस प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत कराने का प्रयास करेंगे. यदि यह योजना लागू होती है, तो हर वर्ष होने वाली बाढ़ की समस्या और आवागमन बाधा से आम नागरिकों को राहत मिल सकेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >