सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण में बंद मिला आइसीयू, डीसी नाराज

सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण में बंद मिला आइसीयू, डीसी नाराज

लोहरदगा़ उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की अव्यवस्था देख उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जतायी. उन्होंने पाया कि अस्पताल का आइसीयू बंद है और साफ-सफाई का स्तर भी मानकों के अनुरूप नहीं है. उपायुक्त ने सिविल सर्जन को सख्त निर्देश दिया कि चिकित्सकों के ड्यूटी रोस्टर का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें. एसडीएम करेंगे मॉनिटरिंग, तैनात होंगे प्रशिक्षु अफसर : अस्पताल में बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने सदर एसडीएम को वरीय पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा, व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रशिक्षु उप समाहर्ताओं की भी रोस्टरवार प्रतिनियुक्ति की जायेगी. उपायुक्त ने जनरल वार्ड, पुरुष वार्ड, मैटरनिटी और एसएनसीयू वार्ड का भ्रमण कर मरीजों से बातचीत की. उन्होंने मरीजों से पूछा कि क्या उन्हें चिकित्सक के परामर्श के अनुसार समय पर दवाइयां और भोजन मिल रहा है या नहीं. बेतरतीब पार्किंग और अव्यवस्था पर लगी फटकार : डीसी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि अस्पताल परिसर में वाहनों की पार्किंग बेतरतीब है, जिसे तत्काल व्यवस्थित करने को कहा गया. परिसर में मौजूद पुरानी ध्वस्त इमारतों के मलबे को हटाने और सुरक्षा के लिए हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्देश दिया. किचन संचालक को सख्त हिदायत दी गयी कि मरीजों को मेन्यू के अनुसार ही गुणवत्तापूर्ण भोजन दें. साथ ही, सिविल सर्जन को सभी कर्मियों के लिए आइडी कार्ड निर्गत करने को कहा गया. दवाइयों और एंबुलेंस सेवा की जांच : निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पीएम जन औषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता और एंबुलेंस चालकों की उपस्थिति की भी जांच की. उन्होंने डायलिसिस सेंटर और लैब का मुआयना कर सिविल सर्जन को आवश्यक सुधार के निर्देश दिये. इस मौके पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, एसडीएम अमित कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >