बिनोद महतो लोहरदगा. लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र का वार्ड नंबर चार अपनी संकीर्ण गलियों एवं टूटी नालियों के लिए बदनाम है. यहां की गलियां इतनी संकरी है कि यहां एक रिक्शा भी ठीक से नहीं गुजर सकता है . यहां घनी आबादी है और इसके बावजूद यहां नागरिक सुविधा के नाम पर अभी भी बहुत कुछ नहीं है. नागरिकों की परेशानी बहुत सारी है. लोग बताते हैं कि यहां विकास के बहुत स्कोप है लेकिन यहां का विकास अब तक नहीं हुआ है. आम मोहल्ले की तरह यहां बिजली नाली पानी सड़क की व्यवस्था दुरुस्त नहीं है. यहां कोई वैसा पुस्तकालय नहीं है जहां बच्चे शाम में जाकर कुछ पढ़ाई लिखाई कर सकें. कोई खेलने की मुकम्मल व्यवस्था नहीं है ,जहां बच्चे खेल सके .वार्ड नंबर 4 कई समस्याओं से घिरा हुआ है. यह काफी बड़ा क्षेत्रफल वाला वार्ड है .लेकिन यहां की समस्याएं बहुत ज्यादा है. लोक लुभावने नारे और आश्वासनों के सहारे यहां काम चल रहा है. लोगों का कहना है कि इस बार किसी स्वच्छ छवि वाले और जुझारू उम्मीदवार को हम लोग अपना प्रतिनिधि चुनेंगे जो हमारे समस्याओं को जमीनी स्तर पर समाधान कर सके. प्रत्याशी से लेकर उनके समर्थक अपने समर्थकों को चुनाव जीताने के लिए जोर-जोर से लगे हैं. प्रत्याशी नामांकन पत्र खरीदने से लेकर टोला मोहल्ला तक जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं. नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाता भी उत्साहित है. कुछ मतदाताओं का मानना है कि इस चुनाव में चूंकि महिला आरक्षित हो गया है, इसीलिए वैसी महिला को चुनाव जीताना है जो घर के बाहर निकल कर स्वयं जन समस्याओं का निराकरण करें. कुछ मतदाता चाहते हैं कि महिला प्रत्याशी कोई भी हो काम करने वाला होना चाहिए. लोहरदगा वार्ड नंबर 4 में कुल मतदाताओं की संख्या 1931 है. जिसमें महिला मतदाता 955 तथा पुरुष मतदाता 976 है. मतदान निष्पक्ष एवं मतदाताओं के सुविधानुसार हो इसके लिए दो मतदान केंद्र वार्ड नंबर 4 में है. बाक्स में वार्ड नंबर 4 कुल मतदाता 1931 महिला मतदाता 955 पुरुष मतदाता 976 कुल मोहल्लो की संख्या चार बाक्स में निवर्तमान वार्ड पार्षद का दावा नगर निकाय चुनाव 2026 में वार्ड नंबर 4 के निवर्तमान वार्ड पार्षद प्रतीक प्रकाश मोनी इस बार चुनाव मैदान में नहीं है. क्योंकि यह सीट महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित कर दिया गया है. प्रतीक प्रकाश मोनी ने बताया कि वे अपने कार्यकाल में नाली, गली की समस्या समाप्त कर चुके हैं. इसके अलावा वार्ड क्षेत्र चार में उनके प्रयास से नगर भवन, सामुदायिक भवन, सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है. कुल मिलाकर समस्याएं तो समस्याएं हैं. लेकिन अधिकांश समस्याओं का निराकरण कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 4 में ब्लॉक कॉलोनी. कुटुमू. ढोड़ा टोली तथा स्टेशन में मोहल्ले का इलाका शामिल है. इन इलाकों में बुनियादी समस्याएं लगभग पूरी कर ली गयी है. उन्होंने बताया कि उनका प्रयास नाली गली से हटकर कुछ बेहतर करने का था. जिसे उन्होंने पूरा कर लिया. पूछने पर उन्होंने बताया कि यदि महिला के लिए सीट आरक्षित नहीं होता तो वे अपने कामों के बदौलत मतदाताओं के पास जाते. लेकिन सीट महिला आरक्षित होने के कारण वे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं. क्या कहते हैं मतदाता सविता गुप्ता का कहना है कि वार्ड नंबर 4 महिला के लिए आरक्षित सीट हुई है. यह खुशी की बात है. महिलाओं को जिम्मेवारी संभालने का मौका मिलना ही चाहिए. लेकिन आरक्षित सीट में वैसी महिला का चुनाव होना चाहिए जो स्वयं विकास कार्यों में सहभागिता निभाए और और सबके सुख-दुख में खड़ी रहे.यहां बहुत सारी समस्याएं हैं. अरविंद कुमार यादव का कहना है कि वार्ड नंबर 4 में निवर्तमान पार्षद द्वारा निः संकोच विकास के काम किए गए हैं. लेकिन समस्याएं तो समस्याएं हैं. अभी भी कई समस्याओं का निराकरण करना आवश्यक है. उन्होंने वार्ड क्षेत्र में फल फूल रहे नशा पान पर रोक की बात करते हुए कहा कि नशा पान के खिलाफ जोरदार अभियान चला कर नशापन से युवाओं को दूर करने की आवश्यकता है. ढ़ोढ़हा टोली निवासी आनंद कुमार का कहना है कि सड़कों में नालियों का अभाव है जिसका खामियाजा नगर वासियों को भुगतना पड़ता है. नाली निर्माण एवं नाली के ऊपर स्लैब की आवश्यकता है ताकि बरसात के दिनों में लोगों को परेशानी ना हो. ढोड़हा टोली निवासी आलोक कुमार का कहना है कि वार्ड नंबर 4 के ढ़ोढ़हा मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था की आवश्यकता है. इसके अलावा पीसीसी सड़क एवं जलापूर्ति की भी आवश्यकता है. तंग पतली सड़के होने के कारण मोहल्ले वासियों को परेशानी होती है जिसका समाधान किए जाने की आवश्यकता है.
तंग गलियों में होती है परेशानी, समस्याओं का है अंबार
लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र का वार्ड नंबर चार अपनी संकीर्ण गलियों एवं टूटी नालियों के लिए बदनाम है
