किस्को. प्रखंड क्षेत्र के आनंदपुर से बानपुर तक करीब तीन किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गये हैं और गिट्टी उखड़ने के साथ नुकीले पत्थर बाहर निकल आये हैं. इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
दर्जनों गांवों को जोड़ती है सड़क
बाजार, स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड और पंचायत कार्यालय जाने के लिए ग्रामीण इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं. यह सड़क बानपुर, बंजारी, दसरा टोली, आनंदपुर और रोटवा टोली समेत दर्जनों गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है.
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को हो रही है. बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है. ग्रामीणों के अनुसार, कई बार बाइक सवार गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं.
वर्षों से कर रहे सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही है. जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक सिर्फ आश्वासन मिला है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और उसका पक्कीकरण कराने की मांग की है.
