मुरल पेंटिंग से निखरा कस्तूरबा विद्यालय का स्वरूप, दीवारों पर दिखी देश की संस्कृति
किस्को. पीएम श्री कस्तूरबागांधी बालिका आवासीय विद्यालय, किस्को की सूरत अब बदली-बदली नजर आ रही है. विद्यालय के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से इसकी दीवारों पर विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती भव्य मुरल पेंटिंग उकेरी गयी है. इन कलाकृतियों को सजीव करने में छात्राओं और पेशेवर पेंटरों ने मिलकर काम किया है. वार्डन संगीता साहू ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्कूल को आकर्षक बनाना और छात्राओं को देश की विविध संस्कृति से परिचित कराना है. सौंदर्यीकरण के साथ-साथ विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का भी कायाकल्प किया गया है. इसके तहत वॉशरूम की मरम्मत, बिजली के उपकरणों को दुरुस्त करने, प्रार्थना स्थल पर हैंड वॉश बेसिन का निर्माण और स्कूल के सामने एक सुंदर गार्डन विकसित करने का कार्य किया गया है. स्कूल की बाउंड्री वॉल और भवन की रंगाई-पुताई के बाद अब पूरा परिसर बेहद आकर्षक और प्रेरणादायक लग रहा है. अमर शहीद वीर बुधु भगत की जयंती कार्यक्रम को सफल बनाने पर विमर्श किस्को.राजकीय मध्य विद्यालय किस्को के समीप सांसद प्रतिनिधि दयानंद उरांव की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें 17 फरवरी को मैना बगीचा, लोहरदगा में लरका आंदोलन के प्रणेता अमर शहीद वीर बुधु भगत की जयंती को सफल बनाने को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विचार-विमर्श किया. दयानंद उरांव ने कहा कि इस कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत, मंत्री, विधायक, प्रसाशनिक पदाधिकारी, गण्यमान्य अतिथि, पहान, पुजार व समाज के अगुआगण उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ायेंगे. इस मौके पर जतरा और विकास मेला का आयोजन किया जायेगा, जिसमें आदिवासी खोड़हा को सम्मानित किया जायेगा. कार्यक्रम में पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ खोड़हा दल शामिल होगा. बैठक में इस कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की गयी. मौके पर सांसद के निजी सहायक आलोक साहू, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद उर्फ चंगु, दयानंद उरांव, अबूसमा परवेज, आकिब, सोमरा लकड़ा, पंचम नगेशिया, एतवा उरांव, प्रवीण उरांव, लुइस खलको आदि मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.