लोहरदगा़ प्रख्यात समाजसेवी तथा लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान के संस्थापक सचिव चंद्रपति यादव का रविवार शाम हैदराबाद में इलाज के दौरान निधन हो गया. वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे. उनके भतीजे सह प्रभात खबर के वाइस प्रेसिडेंट विजय बहादुर ने बताया कि हवाई मार्ग से उनका पार्थिव शरीर सोमवार को लाया जायेगा. दोपहर में लोहरदगा के कोयल नदी मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार होगा. उनके निधन की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी है. वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं. लोग उनके आवास पर पहुंच कर शोक व्यक्त कर रहे हैं. वंचितों के उत्थान में बीता पूरा जीवन : विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े श्री यादव ने अपना संपूर्ण जीवन ग्रामीण समाज, किसानों, आदिवासियों तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया. उनके नेतृत्व में संस्थान ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और कृषि विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किये. वे अपने सरल स्वभाव, कर्मठता और व्यवहार कुशलता के लिए सदैव याद किये जायेंगे. उनके निधन से सामाजिक एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. श्री यादव ने अपना संपूर्ण जीवन ग्रामीण समाज, किसानों, आदिवासी समुदायों तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया. उनके प्रयास से आज समाज में बदलाव स्पष्ट नजर आता है. सांसद, विधायक व प्रबुद्ध जनों ने जताया शोक : उनके निधन पर समाज के हर तबके ने शोक व्यक्त किया है. शोक जताने वालों में मुख्य रूप से सांसद सुखदेव भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, विधायक रामेश्वर उरांव, हिंडाल्को के अध्यक्ष बीके झा, अनुपम प्रकाश कुंवर, ओमप्रकाश सिंह, मदन मोहन पांडेय, मनोज जायसवाल, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, राजेंद्र उरांव, डाॅ शशी गुप्ता, चैंबर ऑफ कॉमर्स के राजेश महतो, रितेश कुमार, मणी उरांव, कंवलजीत सिंह, मनोज कुमार गुप्ता मन्ना, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखैर भगत और भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज सहित कई गणमान्य लोग शामिल हैं.
समाजसेवी चंद्रपति यादव का हैदराबाद में निधन, लोहरदगा में आज होगा अंतिम संस्कार
समाजसेवी चंद्रपति यादव का हैदराबाद में निधन, लोहरदगा में आज होगा अंतिम संस्कार
