लोहरदगा: बिशुनपुर प्रखंड के नरमा गांव में नव युवक सरना समिति की ओर से आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गोरा टोली और तुसरूकोना टीम के बीच खेला गया. कांटे के मुकाबले में गोरा टोली ने तुसरूकोना को 1-0 से हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया.
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान में जुटे थे. मैच के बाद विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
ढोल-मांदर के साथ सांसद का स्वागत
समापन समारोह में लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर आयोजन समिति की ओर से ढोल-मांदर और पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के साथ उनका स्वागत किया गया. सांसद ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया.
पारितोषिक वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है. हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान में खिलाड़ियों का जज्बा ही उनकी असली जीत है. उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में फुटबॉल सिर्फ खेल नहीं, बल्कि पहचान का हिस्सा है. इन क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत है कि खिलाड़ियों को सही मंच, बेहतर मैदान और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराये जायें, ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें. उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के हित में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे.
मौके पर भारतीय फुटबॉल टीम के सदस्य अष्टम उरांव, पवन उरांव, कमला उरांव, सुशील मुंडा, वसनु उरांव, महात्मा उरांव, दयानंद उरांव, आलोक कुमार साहू, शाहिद अहमद बेलू, बाबू सिंह, अनवर अंसारी, फूलदेव उरांव, मोती चौबे, वीरेंद्र यादव समेत आयोजन समिति के अध्यक्ष, सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: गहने-कागजात लेकर प्रेमी संग निकली 3 बच्चों की मां! एक महीने बाद चेन्नई से पुलिस ने पकड़ा
