लोहरदगा. केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महामंत्री कुणाल वर्मा ने पूर्व अध्यक्ष संतोष लकड़ा उर्फ इंद्रजीत लकड़ा के चार वर्ष के कार्यकाल को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें बधाई दी है. उन्होंने कहा कि संतोष लकड़ा ने नये मेला मैदान के लिए लगातार प्रयास किया और समाज के अभिभावकों के साथ समन्वय कर मेला मैदान के स्थान परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
सात प्रखंडों तक पहुंची समिति
कुणाल वर्मा ने कहा कि संतोष लकड़ा के कार्यकाल में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति का दायरा शहरी क्षेत्र से बढ़कर जिले के सभी सात प्रखंडों तक पहुंचा. ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों को समिति से जोड़ा गया, जिससे ग्रामीण और शहरी समाज के बीच सामाजिक व सांस्कृतिक जुड़ाव मजबूत हुआ.
उन्होंने कहा कि संतोष लकड़ा के साथ काम करने के दौरान उनकी कार्यशैली और अनुभव से सीखने का अवसर मिला. उनके अनुभव का लाभ आगे भी समिति को मिलेगा. संरक्षक के रूप में उनका मार्गदर्शन और सहयोग समिति को मिलता रहेगा.
कुणाल वर्मा ने कहा कि संतोष लकड़ा के कार्यकाल में सामाजिक समरसता, धार्मिक एकजुटता और सरना-सनातन एकता को भी मजबूती मिली.
