कुड़ू (लोहरदगा). सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़ू में जनरेटर में डीजल नहीं रहने के कारण दो घंटे तक भर्ती मरीजों को अंधेरे में रहने के मामले को उपायुक्त संदीप कुमार मीणा ने गंभीरता से लिया है. उपायुक्त ने मामले की 24 घंटे के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. इसके बाद जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में गठित जांच टीम सोमवार को कुड़ू सीएचसी पहुंची और पूरे मामले की जांच की.
प्रसव कक्ष से लेकर आउटडोर तक पहुंची जांच टीम
जांच टीम सुबह करीब 11 बजे कुड़ू सीएचसी पहुंची. टीम ने प्रसव कक्ष में भर्ती गर्भवती महिलाओं से शनिवार को बिजली गुल रहने और जनरेटर की व्यवस्था को लेकर जानकारी ली. इसके बाद आउटडोर में भर्ती मरीजों से सीएचसी में मिलने वाली सुविधाओं और दो घंटे अंधेरे में रहने के मामले के बारे में पूछताछ की.
जांच अधिकारियों ने सीएचसी के कर्मियों और चिकित्सकों से भी पूरे मामले की जानकारी ली. इसके अलावा चिकित्सकों के रोस्टर के अनुसार ड्यूटी व्यवस्था की भी जांच की गयी. करीब दो घंटे तक चली जांच के बाद टीम अपनी रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपेगी.
मरीजों ने जांच टीम को क्या जानकारी दी, इस संबंध में अधिकारियों ने कोई जानकारी साझा नहीं की.
‘प्रभात खबर’ में खबर छपने के बाद हुई कार्रवाई
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़ू में जनरेटर का डीजल खत्म होने के कारण दो घंटे तक अंधेरे में मरीजों के रहने का मामला ‘प्रभात खबर’ ने सोमवार के अंक में ‘जनरेटर में डीजल खत्म, दो घंटे अंधेरे में रहा सीएचसी’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर प्रकाशित होने के बाद उपायुक्त ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त के निर्देश पर गठित जांच टीम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अंचल के सीओ, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक और बीपीएम को शामिल किया गया था.
शिकायतकर्ता को जांच की जानकारी नहीं
मामले को सामने लाने वाले और सिविल सर्जन से लेकर उपायुक्त तक शिकायत करने वाले भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सरजु कुमार साहू को जांच की जानकारी नहीं दी गयी. उन्होंने बताया कि उन्हें जांच के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गयी है और जांच में क्या मिला, इसकी भी जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि जांच के बाद सीएचसी की व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है.
कुड़ू सीएचसी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुलामी होरो ने बताया कि अधिकारियों की टीम ने सीएचसी पहुंचकर जांच की है. जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जायेगी.
