लोहरदगा : केरल के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मुन्नार में कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी संसदीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई. समिति के अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं छत्तीसगढ़ के प्रभारी सुखदेव भगत ने समिति के सदस्य के रूप में भाग लिया.
बैठक में देश की ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विकास, क्रिटिकल मिनरल्स, पर्यावरण संरक्षण और अवैध खनन पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई.
नई तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा, खनिज संसाधनों के उचित उपयोग और औद्योगिक विकास को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए. उन्होंने प्रदूषण कम करने और अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए नयी तकनीकों के इस्तेमाल पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बतायी.
बैठक में कोयला मंत्रालय, इस्पात मंत्रालय, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, सीसीएल, बीसीसीएल, मेकॉन लिमिटेड, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे.
