लोहरदगा. पुत्र की मौत का सदमा एक मां सह नहीं सकी. छोटे पुत्र रविकांत कुमार वर्मा उर्फ गुड्डू के निधन के महज 13 दिन बाद उनकी मां रेणु देवी का भी शनिवार की सुबह आकस्मिक निधन हो गया. इस हृदयविदारक घटना से शहर के कोर्ट रोड स्थित उनके आवास पर मातम पसरा है.
सुबह 7:30 बजे हुआ निधन
रेणु देवी लोहरदगा कोर्ट रोड निवासी व्यवसायी सह समाजसेवी सचिदानंद वर्मा की पत्नी थीं. बताया गया कि शनिवार की सुबह करीब 7:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. परिवार के लिए यह बेहद दुखद संयोग है कि जिस मां ने महज 13 दिन पहले अपने छोटे पुत्र को खोया था, वही मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं.
सामाजिक संगठनों ने जताया शोक
रेणु देवी के निधन की खबर मिलते ही सामाजिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की. सामाजिक विचार मंच, केंद्रीय मुक्तिधाम समिति सहित अन्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की.
भक्सो मुक्तिधाम में हुआ अंतिम संस्कार
रेणु देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को दोपहर भक्सो मुक्तिधाम, लोहरदगा में किया गया. एक पखवाड़े के भीतर परिवार में हुई दो मौतों से परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के बीच गहरा शोक है.
