गोपी कुंवर की रिपोर्ट
लोहरदगा: लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर सड़क के गड्ढों की स्थाई मरम्मत के बजाय उनमें मिट्टी डालने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में मिट्टी भरने के बाद बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ फैल गया है. इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है. लोगों में शासन और प्रशासन की चुप्पी को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है.
खबर प्रकाशित होने के बाद गड्ढों में डाली गई मिट्टी
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की बदहाली को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग ने गड्ढों में मिट्टी डाल दी. लोगों को उम्मीद थी कि सड़क की गुणवत्तापूर्ण तरीके से मरम्मत कराई जाएगी, लेकिन स्थायी समाधान के बजाय केवल मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गई. बारिश के बाद मिट्टी धंसने और कीचड़ बनने से सड़क पहले की तुलना में और खतरनाक हो गयी है. कई स्थानों पर कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं. पैदल राहगीरों को भी सड़क पार करने में परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या के स्थायी समाधान के बजाय इस तरह की अस्थायी व्यवस्था से स्थिति और खराब हो गई है.
ये भी पढ़ें- नेपाल त्रासदी में लापता रामप्रसाद के परिजनों से मिले केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, कहा- खोजने का प्रयास जारी
जिले के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है सड़क
लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग जिले के महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है. इस मार्ग से हिंडाल्को के लिए प्रतिदिन सैकड़ों बॉक्साइट ट्रकों के अलावा बसों और छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन होता है. भारी वाहनों के लगातार परिचालन के कारण सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. जगह-जगह बने गड्ढों और बारिश के बाद फैले कीचड़ के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी से गुजरना पड़ रहा है.
स्थायी मरम्मत की मांग
राहगीरों ने बताया कि सड़क पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं. लोगों को उम्मीद थी कि विभाग इसकी स्थाई और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराएगा, लेकिन अस्थाई उपाय कर समस्या को टाल दिया गया. बारिश और भारी वाहनों के परिचालन को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत जरूरी है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से गड्ढों की स्थायी मरम्मत कराने और सड़क को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि शासन-प्रशासन की चुप्पी से उनकी नाराजगी बढ़ती जा रही है. यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो आने वाले दिनों में दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ें- Jharkhand Rain Alert: 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, रांची समेत 5 में ऑरेंज अलर्ट
