लोहरदगा: जिले के महुवाटोली में बुधवार को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया. इस अवसर पर इमाम हुसैन चौक से जुलूस निकाला गया, जो विभिन्न गली-कूचों एवं मुख्य सड़क का भ्रमण करते हुए पुनः इमाम हुसैन चौक पहुंचा.
जुलूस में शामिल लोगों ने नबी-ए-करीम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की आमद की खुशी का इजहार किया. जुलूस के दौरान क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा.
अमन-चैन और भाईचारे की मांगी गयी दुआ
इमाम हुसैन चौक पहुंचने के बाद सलातो-सलाम पेश किया गया. इसके बाद मस्जिद के इमाम साहब ने मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआ करायी.
मौके पर झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत लोहरदगा के जिला अध्यक्ष समशुल अंसारी ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी मोहब्बत, इंसानियत, भाईचारे और अमन का पैगाम देता है. सभी लोगों को मिल-जुलकर आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाना चाहिए.
कार्यक्रम में निजामुद्दीन, खलील, महफूज, मुशर्रफ, हसनैन, मोजसम, हुसैन, सलामूल, इकरामुल, सेराज, शाहबाज, रुस्तम, हसन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
