लोहरदगा : नशे के तस्करों का सुरक्षित जोन बना कुड़ू, 17 महीने में 6 करोड़ का माल जब्त

लोहरदगा के कुड़ू में पुलिस की सख्ती के बावजूद शराब, गांजा और ब्राउन शुगर की तस्करी जारी है. 17 महीनों में 6 करोड़ का नशा पकड़ा गया है.

कुड़ू (लोहरदगा) : कुड़ू थाना क्षेत्र से होकर नशे के अवैध कारोबार का नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है. पुलिस की कार्रवाई के बावजूद तस्कर कुड़ू के रास्ते अलग-अलग राज्यों से नशे की खेप झारखंड, बिहार और बंगाल तक पहुंचा रहे हैं. पिछले 17 माह के आंकड़ों पर गौर करें तो कुड़ू पुलिस ने करीब छह करोड़ रुपये की अवैध नशे की खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है. इस दौरान दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.

कुड़ू के रास्ते राज्य के अलग-अलग जिलों तक

पुलिस के अनुसार, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थ कुड़ू के रास्ते राज्य के अलग-अलग जिलों तक पहुंचाए जा रहे हैं. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और नागालैंड से शराब की अवैध खेप भी विभिन्न मार्गों से झारखंड में प्रवेश कर कुड़ू के रास्ते आगे भेजे जाने की बात सामने आई है.

कई राज्यों से जुड़ा है नेटवर्क

बताया जाता है कि उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से गांजा लेकर तस्कर लोहरदगा-शंखनदी-लुकुईया मोड़ मुख्य पथ से गुजरते हैं. वहीं कुछ तस्कर उड़ीसा से गांजा लेकर रांची पहुंचते हैं और इसके बाद कुड़ू के रास्ते रात के अंधेरे में बिहार तक खेप पहुंचाते हैं. इसी तरह हरियाणा, राजस्थान, नागालैंड, पंजाब और चंडीगढ़ से शराब की खेप उत्तर प्रदेश के विंढमगंज होते हुए गढ़वा के रास्ते झारखंड में प्रवेश करने और फिर कुड़ू के रास्ते रांची तक पहुंचने की बात सामने आई है.

ये भी पढ़ें: लोहरदगा : 25 साल की मंजू और 5 साल की दिव्यांग आकांक्षा को नहीं मिल रहा सरकारी लाभ, प्रशासन से गुहार

पुलिस की कार्रवाई में बड़ी बरामदगी

20 लाख का गांजा: पिछले साल फरवरी में उड़ीसा से गांजा की बड़ी खेप लेकर बिहार जा रहे तस्करों को कुड़ू पुलिस ने बड़की चांपी के पास पकड़ा था. बरामद गांजे की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी.

90 लाख की अवैध शराब: इसके आठ दिन बाद हरियाणा से रांची जा रहे एक मालवाहक ट्रक को पुलिस ने चंदवा रोड से जब्त किया था. ट्रक में करीब 90 लाख रुपये की अवैध शराब लदी थी.

80 लाख का डोडा: करीब 20 दिन बाद रांची से प्लाइवुड लेकर पंजाब जा रहे एक मालवाहक ट्रक की जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक के बीच से करीब 80 लाख रुपये का डोडा बरामद किया था.

70 लाख का गांजा: साल के अंत में रांची से बिहार जा रहे भूसी लदे ट्रक से एनसीबी की मदद से करीब 70 लाख रुपये का गांजा बरामद किया गया था.

ब्राउन शुगर की तीन खेप: वर्ष 2026 की शुरुआत में पुलिस ने ब्राउन शुगर की तीन खेप पकड़ी. बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई.

मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा: करीब दो माह पहले पुलिस ने एक मिनी शराब फैक्ट्री का भी खुलासा किया था. मौके से कच्चा स्प्रिट और तैयार शराब जब्त की गई थी. इसके अलावा क्षेत्र में तीन बार ब्राउन शुगर भी पकड़े जाने की बात सामने आई है.

ये भी पढ़ें: कुड़ू में धान की भुसी के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 850 पेटी शराब, 50 लाख की खेप बरामद; तस्कर फरार

पुलिस का दावा, जारी रहेगी कार्रवाई

लगातार कार्रवाई के बावजूद कुड़ू क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार पूरी तरह थम नहीं पाया है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि थाना क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार किसी भी स्थिति में नहीं चलने दिया जाएगा. नशे के कारोबारियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपी कृष्ण

गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >