लोहरदगा : कुड़ू शहरी क्षेत्र के बाइपास मोड़ के समीप पीसीसी सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब में तब्दील हो गयी है. इससे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी आवागमन में मुश्किल हो रही है.
जलजमाव से बढ़ा हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर पानी जमा रहने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है. रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देते.
ये भी पढ़ें: पलामू में एक दिन में तीन मौतों से मचा हड़कंप, दो की सड़क हादसे में गई जान; महिला ने सल्फास खाकर दी जान
लंबे समय से मरम्मत का इंतजार
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी है. इससे लोगों में नाराजगी है. उनका कहना है कि विकास के दावों के बीच कुड़ू के शहरी क्षेत्र में बाइपास मोड़ के समीप सड़क की स्थिति व्यवस्था की जमीनी हकीकत बयां कर रही है.
तत्काल मरम्मत की मांग
महत्वपूर्ण बाइपास मोड़ के समीप सड़क का गड्ढों में तब्दील होना लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: राखियों से सजे बाजार, भाई-बहन के प्यार के साथ कारोबार में भी उछाल; गढ़वा में 2 करोड़ की बिक्री की उम्मीद
