किस्को (लोहरदगा) किस्को प्रखंड के बंजार किस्को स्थित पीएन स्मार्ट एजुकेशन पब्लिक स्कूल में करम पूजा महोत्सव 2026 पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चे लाल-सफेद पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में सज-धज कर पहुंचे और एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए.
मांदर की थाप पर बच्चों ने किया करम नृत्य
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने मांदर की थाप पर करम नृत्य और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी. छात्रों ने मांदर बजाकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया. पूरे विद्यालय परिसर में "करम राजा" के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया.
ये भी पढ़ें- कैरो प्रखंड के सढाबे का लाइफलाइन पुल जर्जर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
ये भी पढ़ें- शादी से इंकार करने पर महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
प्रकृति और संस्कृति से जुड़ने का दिया संदेश
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रतिमा नीरज साहू ने कहा कि करम पर्व प्रकृति, पर्यावरण, भाई-बहन के प्रेम और आदिवासी संस्कृति का प्रतीक है. ऐसे पर्व बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी देते हैं. उन्होंने कहा कि करम पर्व के माध्यम से बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को समझने का अवसर मिलता है. कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया.
शिक्षक और बच्चे रहे मौजूद
मौके पर विद्यालय के शिक्षक शुभम कुमार, सुप्रिया विश्वकर्मा, आरती राजपूत, खुशबू कुमारी, निकिता कुमारी, ममता कुमारी, संजना कुमारी, पल्लवी कुमारी और मंगनु साहू सहित अन्य मौजूद रहे.
