कैरो, लोहरदगा : कैरो पंचायत के हरिजन मुहल्ला और आदिवासी मुहल्ला स्थित धुमकुड़िया भवन के समीप नाली की बदहाल स्थिति से ग्रामीण परेशान हैं. नालियों में गंदगी जमा होने और पानी की समुचित निकासी नहीं होने से आसपास का क्षेत्र दुर्गंध से प्रभावित है. बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो गयी है. स्थानीय लोगों ने इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताते हुए जल्द समाधान की मांग की है.
ग्रामीणों के अनुसार, विभिन्न स्थानों पर नालियों का निर्माण तो करा दिया गया है, लेकिन पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या बनी हुई है. बरसात का पानी और घरों से निकलने वाला गंदा पानी नालियों में जमा रहता है. लंबे समय तक निकासी नहीं होने के कारण कचरा और गंदगी जमा होकर नालियां बजबजाने लगी हैं. इससे निकलने वाली दुर्गंध से आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है.
धुमकुड़िया भवन के पास भी स्थिति खराब
ग्रामीणों का कहना है कि हरिजन मुहल्ले के अलावा धुमकुड़िया भवन के आसपास की नालियों की स्थिति भी चिंताजनक है. कई जगह नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सही तरीके से नहीं निकल पा रहा है. स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया है. इसके बाद कुछ स्थानों पर सफाई और मरम्मत का काम भी कराया गया, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार यह पर्याप्त नहीं है.
बरसात में जलजमाव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते नालियों की सफाई और पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गयी, तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है.
राशि मिलने पर होगा स्थायी समाधान : मुखिया
इस संबंध में कैरो पंचायत के मुखिया बीरेंद्र महली ने बताया कि नाली की समस्या की जानकारी पंचायत को है. पंचायत में राशि आवंटित होते ही समस्या का स्थायी समाधान कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि फिलहाल ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए श्रमदान के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था कर नाली की सफाई और पानी की निकासी का प्रयास जल्द किया जायेगा.
ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से नालियों की तत्काल सफाई कराने के साथ पानी की समुचित निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि दुर्गंध और जलजमाव से लोगों को राहत मिल सके.
