लोहरदगा : झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी मंत्री तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुदिव्य कुमार सोनू के असमय निधन से झामुमो कार्यकर्ताओं सहित राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर है. उनके निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख व्याप्त है.
रविवार को लोहरदगा जिला झामुमो कार्यालय में जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के नेतृत्व में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किये तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा.
शोकसभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके निधन को पार्टी, राज्य और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया.
झामुमो ने समर्पित नेता और संगठन के मजबूत स्तंभ को खोया
जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक और दुखद है. उनके निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक समर्पित नेता और संगठन के मजबूत स्तंभ को खो दिया है. उन्होंने कहा कि मंत्री सोनू पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे. उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी उनके कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का व्यक्तित्व सरल, सहज और कर्मठ था. वे कार्यकर्ताओं से लगातार जुड़े रहते थे और संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते थे. उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई करना कठिन है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की.
श्रद्धांजलि सभा के दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिवंगत मंत्री की कार्यशैली, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय व्यवहार हमेशा स्मरण किया जाएगा. सभी ने उनके अधूरे कार्यों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया.
मौके पर जिला सचिव अनिल उरांव, केंद्रीय सदस्य राधा तिर्की, केंद्रीय सदस्य युवनती देवी, अख्तर अंसारी, जयप्रकाश शर्मा, फातमा परवीन, राज किशोर राम, बिनेश गुप्ता, साकिर अंसारी, आकाश साहू, कृष्ण उरांव, बालमुकुंद लोहरा, अफरोज आलम, हसनैन खलीफा, विजय कुमार, रौशन ठाकुर, सिला उरांव, सुषमा उरांव, कैफ खान, राहुल गुप्ता, अमर सिंह, सहबान अंसारी, बुद्धियां उरांव, संदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे.
