अंधेरे में डूबी झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था! लोहरदगा में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में हुआ इलाज, शो-पीस बना जनरेटर

लोहरदगा जिले के कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। बिजली गुल होने पर जनरेटर-इन्वर्टर सब फेल हो गए, जिससे डॉक्टरों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में घायल मरीज का इलाज करना पड़ा।

कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट

Jharkhand Health System, लोहरदगा: लोहरदगा जिले के कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रविवार देर शाम स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है. नेशनल हाईवे 39 (कुड़ू - रांची मुख्य पथ) पर हेंजला के समीप एक अज्ञात वाहन के धक्के से चिताकोनी गांव निवासी शिवकुमार महली गंभीर रूप से घायल हो गए थे. जब ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए कुड़ू सीएचसी लेकर पहुंचे, तो पूरा अस्पताल अंधेरे में डूबा हुआ था. स्थिति इतनी बदतर थी कि डॉक्टरों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर घायल मरीज का इलाज शुरू करना पड़ा.

जनरेटर-इन्वर्टर सब फेल

अस्पताल में आए दिन होने वाली इस तरह की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने इसकी सूचना भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रखंड अध्यक्ष सरजु कुमार साहू को दी. मौके पर पहुंचे भाजयुमो अध्यक्ष अस्पताल के अंधेरे को देखकर भड़क गए और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी प्रभारी बीडीओ सह सीओ संतोष उरांव, सिविल सर्जन और उपायुक्त (DC) को दी. भाजयुमो अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुड़ू सीएचसी में लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है. अस्पताल में जनरेटर से लेकर इन्वर्टर तक की लाखों की सुविधाएं बहाल हैं, लेकिन इसके बावजूद हल्की सी बिजली कटने पर अस्पताल को अंधेरे के भरोसे छोड़ दिया जाता है, जो मरीजों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ है.

ये भी पढ़ें: ढाई दशक से प्रतिनियुक्ति पर कर रहे थे काम, अब हाईकोर्ट के आदेश से होंगे रेग्युलर

सूचना मिलते ही पहुंचे सीओ

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी बीडीओ सह सीओ संतोष उरांव तुरंत कुड़ू सीएचसी पहुंचे और वहां मौजूद डॉक्टरों से पूरी जानकारी ली. सीओ ने मौके से ही एसडीओ (SDO) और विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात की, जिसके महज 10 मिनट के भीतर अस्पताल की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई. सीओ संतोष उरांव ने भी पुष्टि की कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां पूरी तरह बिजली गुल थी. उन्होंने कहा कि इस पूरी बदइंतजामी से उपायुक्त को अवगत कराया जाएगा.

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की दलील

इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कुड़ू सीएचसी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुलामी होरो ने बताया कि क्षेत्र में दिनभर बिजली आपूर्ति ठप्प रहने के कारण अस्पताल का इन्वर्टर डाउन हो गया था. इसके बाद जनरेटर चलाया जा रहा था, लेकिन ठीक उसी वक्त जनरेटर चलते-चलते अचानक बंद हो गया जब ग्रामीण मरीज को लेकर पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि तुरंत मिस्त्री को बुलाकर करीब 20 मिनट के भीतर जनरेटर को ठीक कराकर बिजली चालू कर दी गई थी.

ये भी पढ़ें: हाथ में आरती की थाली और थम गईं सांसें... रांची में पुजारी का दिल का दौरा पड़ने से निधन, देखें वीडियो


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >