Lohardaga News: जन्माष्टमी पर कान्हा के स्वागत को सज रहा लोहरदगा, मंदिरों से बाजार तक बढ़ी रौनक

लोहरदगा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिरों में सजावट और बाजारों में लड्डू गोपाल के श्रृंगार की सामग्री की भारी मांग देखी जा रही है।

लोहरदगा : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर लोहरदगा में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शहर के विभिन्न मंदिरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का काम शुरू हो गया है. वहीं बाजार भी कान्हा के स्वागत के लिए तैयार नजर आ रहे हैं. मंदिरों में आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से सजावट की तैयारी की जा रही है. कई स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित झांकियां और विशेष पूजा-अर्चना आयोजित करने की तैयारी है. मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा और दर्शन की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

बाजार में सजे लड्डू गोपाल के सामान

जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में लड्डू गोपाल के लिए आकर्षक पोशाक, मुकुट, बांसुरी, झूले, माला और अन्य श्रृंगार सामग्री की दुकानें सज गयी हैं. अलग-अलग आकार और डिजाइन के सामान बच्चों और श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं. दुकानदारों को पर्व के दौरान बिक्री बढ़ने की उम्मीद है.

गंगा पूजा भंडार के संचालक कुणाल अभिषेक ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर लड्डू गोपाल के श्रृंगार की सामग्री का विशेष संग्रह उपलब्ध कराया गया है. दुकान में लड्डू गोपाल के लिए फैंसी वस्त्र, पीतल की मूर्तियां, झूला, मुकुट, आभूषण समेत विभिन्न श्रृंगार सामग्री उपलब्ध है. छोटे बच्चों के लिए राधा-कान्हा की पोशाक और वस्त्र भी रखे गये हैं.

इसके अलावा जन्माष्टमी पूजा के लिए आवश्यक पूजन सामग्री और धार्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध हैं. ग्राहकों की पसंद और जरूरत को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के वस्त्र, श्रृंगार और पूजा सामग्री मंगायी गयी है. खासकर लड्डू गोपाल को आकर्षक रूप देने के लिए रंग-बिरंगे वस्त्र और श्रृंगार सामग्री लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

घरों में भी शुरू हुई जन्माष्टमी की तैयारी

जन्माष्टमी को लेकर घरों में भी तैयारियां शुरू हो गयी हैं. लोग लड्डू गोपाल के लिए नये वस्त्र और श्रृंगार सामग्री खरीद रहे हैं. बच्चों में कान्हा की वेशभूषा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है.

झांकियों को अंतिम रूप देने में जुटे आयोजक

शहर के विभिन्न इलाकों में जन्माष्टमी के अवसर पर झांकियां सजाने की तैयारी चल रही है. आयोजक भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं और गोकुल की झलक प्रस्तुत करने की तैयारी में जुटे हैं. रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद विशेष आरती और प्रसाद वितरण की भी तैयारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपी कृष्ण

गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >