कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट
कुड़ू: लोहरदगा के कुड़ू प्रखंड के टिको स्थित अविराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शनिवार को जन्माष्टमी महोत्सव एवं शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के सचिव इंद्रजीत कुमार भारती और विशिष्ट अतिथि प्राचार्या डॉ. प्रतिमा त्रिपाठी थीं. कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की. इसके बाद प्रशिक्षुओं ने मुख्य अतिथि, प्राचार्या एवं शिक्षकों को बुके और बैच देकर सम्मानित किया.
जन्माष्टमी के अवसर पर प्रशिक्षुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से संबंधित मनमोहक और भावपूर्ण दृश्य प्रस्तुत किये. बाल गोपाल के रूप में सजे प्रशिक्षुओं ने सभी का मन मोह लिया. मुख्य अतिथि इंद्रजीत कुमार भारती ने बाल गोपाल के पालने को झुलाकर जन्माष्टमी की परंपरा को जीवंत किया. इस दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा.
वहीं शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रशिक्षुओं ने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की. विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों की महत्ता, उनके योगदान और विद्यार्थियों के जीवन में उनकी भूमिका को प्रस्तुत किया गया.
शिक्षक समाज के निर्माण में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्य अतिथि इंद्रजीत कुमार भारती ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी प्रदान करते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों के मार्गदर्शन को आत्मसात करने की बात कही.
प्राचार्या डॉ. प्रतिमा त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक दिवस की महत्ता तभी साबित होगी, जब प्रशिक्षु शिक्षकों से प्राप्त ज्ञान को अपने वास्तविक जीवन में उतारेंगे. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को भी अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के सदस्य लक्ष्मण मुंडा, बिरेंद्र बाधवार, विभागाध्यक्ष डॉ. जंग बहादुर, पंकज आफताब, डॉ. रेणुका, डॉ. कुंदन, ममता, पवन शिव, डॉ. शशि, तबस्सुम, खुशी प्यारी, डॉ. सुनीता, चिनीबास, संदीप, आरती, अमृत सहित अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
