विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उपहार देकर जताया सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बड़े सपने देखने और लक्ष्य के लिए मेहनत करने का दिया संदेश
कुड़ू, लोहरदगा : राजकीयकृत गांधी मेमोरियल प्लस टू उच्च विद्यालय माराडीह में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार यादव एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ की.
विद्यार्थियों ने शिक्षकों को किया सम्मानित
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया. प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार यादव ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए कठिन परिश्रम करना चाहिए और समस्याओं का सामना धैर्य के साथ करना चाहिए.
शिक्षिका रश्मि केरकेट्टा ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने और लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करने की बात कही. वहीं, वरीय शिक्षक विजय कुमार साहू ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में विद्यालय के शिक्षक हर समय सहयोग के लिए तैयार हैं.
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि साधारण परिस्थितियों से आने वाले लोग भी अपनी मेहनत और लगन से देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकते हैं. इसलिए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, ज्ञान अर्जित करने और कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाये रखने की जरूरत है.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
मौके पर सत्यजीत भारती, तथागत साकेत, पूजा, संध्या लकड़ा, निशा कुमारी नाग, किशोरी रानी कुजूर, वर्षा नाग, रश्मि केरकेट्टा, रजनी खेस, अनुपम मिंज, रामजी साहू, प्रशांत मुंडा, निशा कुमारी, कुमारी संगीता बाला, श्वेता एक्का, मंजू कुमारी कुजूर, विपिन किशोर लकड़ा, डोली वर्मा, आकाश कुमार, ओम नारायण सहित बाल संसद के सभी सदस्य एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
